लखनऊ । राजधानी के खदरा क्षेत्र में पिन्नी प्रसाद खाने के बाद 36 से अधिक महिलाएं और बच्चे उल्टी दस्त की चपेट में हैं।प्रसाद खाने के बाद उल्टी-दस्त की शिकायत से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। 15 मरीजों की हालत तेजी से बिगड़ने पर आनन-फानन में उन्हें बलरामपुर अस्पताल समेत दूसरे निजी अस्पतालों में भर्ती किया गया। कुछ लोगों की तबीयत में सुधार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, शेष भर्ती मरीजों का इलाज जारी है।
खदरा में रामलीला मैदान के निकट निवासी नन्हा लाल के घर में पूजा का आयोजन किया गया था। जिसमें प्रसाद पिन्नी था। घर के आस-पास की महिलाओं को पूजा में बुलाया गया था। बताया जाता है कि लगभग दो बजे पूजा शुरू हुई। इसमें चावल और खोये से तैयार प्रसाद पिन्नी को बांटा गया। कुछ महिलाओं ने पूजा स्थल पर प्रसाद खाया तो कुछ अपने घर ले गर्इं और परिवार में खिलाया।
दोपहर के वक्त ज्यादातर घरों में महिलाएं और बच्चे ही थे। आरोप है कि प्रसाद खाने के थोड़ी ही देर बाद पेट दर्द शुरू हो गया और शाम करीब चार बजे उल्टी-दस्त शुरू हो गए। इसके चलते महिलाएं और बच्चों को लेकर आनन-फानन अस्पताल भागे। खदरा पक्का पुल के पास के अस्पताल में सात मरीज भर्ती किए गए। बेड फुल होने पर यहां से मरीज बलरामपुर अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी में डॉक्टरों ने मरीजों की जांच के बाद फूड फूड प्वॉइजनिंग की आशंका जताई। यहां करीब 10 मरीज भर्ती किए गए। कुल बीमारों में 15 महिलाएं और 20 बच्चे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक खोये में गड़बड़ी से ये दिक्कत हुई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज अग्रवाल के मुताबिक मामले की जांच करायी जा रही है। जिस दुकान से खोया लाया गया, उसकी भी जांच होगी। फिलहाल सभी मरीजों की हालत खतरे से बाहर है।