लखनऊ। चक गंजरिया स्थित कल्याण सिंह कैंसर संस्थान का बुधवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक औचक निरीक्षण किया। भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज की जानकारी लेने के साथ ही ओपीडी में पहुंच कैंसर मरीजों से हाथ जोड़कर अभिवादन करते हुए हालचाल लेते हुए परेशानी पूछी आैर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान संस्थान अधिकारियों को निर्देश दिये कि जल्द से जल्द संस्थान में 200 बिस्तरों पर मरीजों की भर्ती शुरू की जाए। इसके लिए डॉक्टर व कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। दोपहर करीब एक बजे उपमुख्यमंत्री ब्राजेश पाठक अचानक कैंसर संस्थान पहुंचे। यहां पर सबसे पहले वह ओपीडी में पहुंचे। यहां कैंसर पीड़ित मरीज डॉक्टर को दिखाने के लिए कुर्सी पर बैठकर इंतजार कर रहे थे। उपमुख्यमंत्री ने एक कैंसर मरीज से इलाज व संस्थान के डॉक्टरों के बारे में जानकारी लेते हुए पूछा अस्पताल में सरकारी योजना का लाभ मिल रहा है या नहीं। इस पर मरीज ने बताया कि साहब यहां आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।
इस पर संस्थान को तलब किया तो उन्होंने बताया कि अभी हाल ही में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री राहत कोष योजना शुरू कराई गई है। जल्द ही आयुष्मान योजना का लाभ मरीजों को मिलना शुरू हो जाएगा। इसके बाद वह वार्ड में भर्ती कैंसर मरीजों से मिलने पहुंचे। वार्ड में उन्हें कुछ गंदगी दिखने पर, उन्होंने अधिकारियों से साफ-सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। भर्ती मरीजों ने रविवार को पीने के पानी की समस्या बतायी। जिसे तत्काल दूर करने के उन्होंने निर्देश दिए। इस पर संस्थान के सीएमएस डॉ. अनुपम वर्मा ने बताया कि जल्द ही 200 बेड पर मरीजों की भर्ती चालू की जाएगी। अभी डॉक्टर व कर्मचारियों के पद रिक्त चल रहे है। इस पर डिप्टी सीएम ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार को तुरंत डॉक्टर व कर्मचारियों की भर्ती संबंधी प्रक्रिया को जल्द ही पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में नव निर्मित ऑपरेशन थिएटर देखने पहुंचे, तो अधिकारियों ने बताया कि अभी दो ऑपरेशन थिएटर चल रहे है। चार ऑपरेशन थिएटर बनकर तैयार हैं। इसमें एयर कंडीशन की कुछ गड़बड़ी है। इस पर उन्होंने जल्द ही एयरकंडीशन जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैंसर मरीजों को सर्जरी की तारीख न दी जाए। जल्द से जल्द सर्जरी की जाएं। इसके बाद उन्होंने संस्थान के डॉक्टरों के साथ बैठक की। संस्थान के डॉक्टरों ने सातवें वेतनमान की समस्या गिनाई। इस पर डिप्टी सीएम ने अपर मुख्य सचिव को डॉक्टरों की समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। नियमित डॉक्टरों के करीब 30 से ज्यादा पद रिक्त होने की जानकारी दी गयी। डाक्टरों व कर्मचारियों की कमी से संस्थान का विस्तार अटका है। इस पर उप मुख्यमंत्री ने जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।