लखनऊ । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को लोहिया संस्थान में भर्ती चल रहे पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता कल्याण सिंह को देखने के लिए पहुंचे। यहां पर उन्होंने डॉक्टरों से कल्याण सिंह के बारे में जानकारी ली और परिजनों को आश्वासन दिया। बताते चलें इससे पहले सुबह प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कल्याण सिंह का हाल-चाल लेने के लिए लोहिया संस्थान पहुंचे थे। उन्होंने डॉक्टरों से वार्ता कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह की तबीयत बिगड़ने पर गोमती नगर स्थित डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती किया गया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार मल्टीपल प्राब्लम बनी हुई है। बताया जाता है कि ब्लड में यूरिया व क्रिटिनिन बढ़ने के कारण कुछ दिन पहले उन्हें भर्ती कराया गया था। लोहिया संस्थान के प्रवक्ता डॉ श्रीकेश सिंह के मुताबिक कल्याण सिंह की तबीयत स्थिर है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर निगरानी बनाए गए हैं और इलाज कर रही है।