लखनऊ। डा. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में प्रमोशन न मिलने से डॉक्टरों में आक्रोश व्याप्त है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि प्रमोशन ना मिलने पर महामहिम राज्यपाल से न्याय की फरियाद की जाएगी।
बुधवार को लोहिया संस्थान में फैकल्टी फोरम की बैठक बुलाई गई। प्रशासनिक भवन के प्रेक्षागृह में आयोजित बैठक में फोरम के पदाधिकारी व अन्य डॉक्टर मौजूद थे। फोरम के सचिव डॉ. ईश्वर राम दयाल में संबोधित करते हुए कहा पहली जुलाई तक नियमानुसार प्रमोशन हो जाने चाहिए थे। लापरवाह संस्थान प्रशासन ने उसके लिए कोई कदम नहीं उठाया। इसका खामियाजा करीब 65 डॉक्टरों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पीजीआई के बराबर वेतन (पे फिक्सेसन) आदि भी नहीं हो पा रहा है। इसकी वजह से करीब 150 से अधिक डॉक्टरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में पदाधिकारियों ने निदेशक को मांग पत्र सौंपा जा चुका है।
फैकल्टी फोरम के पदाधिकारियों एकमत से कहा कि यदि हमारी मांगे जल्द ही पूरी नहीं की गई तो हम राज्यपाल व मुख्य सचिव से मिलकर न्याय की फरियाद करेंगे।