लखनऊ। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में कई वर्षो से एक ही विभाग में एक ही सीट पर तैनाती वाले कर्मचारियों की जांच होने जा रही है। बताया जाता है कि राजभवन से विशेष कार्य अधिकारी ने केजीएमयू कुलपति को इस जांच के सम्बध में पत्र भेजा है। केजीएमयू प्रशासनिक कार्यालय में पत्र आते ही केजीएमयू कर्मचारियों में ही नहीं अधिकारियों में भी हड़कम्प मचा है।
बताते चले कि पिछले महीने नवंबर में राज्यपाल को केजीएमयू के कुछ कर्मचारियों की शिकायतें भेजी गई थी। इसमें नियुक्ति यूनिट , खरीद यूनिट, वित्त विभाग कार्यालय के कर्मचारियों का विशेष तौर पर जिक्र करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी थी। शिकायती पत्र में यह भी बताया गया कि यहां कार्यरत कर्मचारी कई वर्षो से एक ही विभाग में एक पद पर तैनात चल रहे हैं। शिकायती पत्र में कहा गया कि कुछ कर्मचारी तो केजीएमयू में नौकरी करते हुए अन्य बिजनेस को भी अंजाम दे रहे है। ऐसी स्थिति में इन कर्मचारियों ने आय से अधिक संपत्ति बना ली है। यही नही कुछ कर्मचारियों की संपत्ति से संबंधित विस्तृत जानकारी भी राज्यपाल कार्यालय को भेजी गयी है। इस बारे में केजीएमयू प्रवक्ता डा. सुधीर का कहना है कि राजभवन से आई शिकायतों का कुलसचिव कार्यालय वरीयता के आधार पर निस्तारण करता है। सभी शिकायतों को पारदर्शिता के साथ निदान किया जाता है।