एलजेए सहायता ग्रुप की घोषणा, पत्रकारों ने ली एलजेए की सदस्यता
लखनऊ। लखनऊ जर्नलिस्ट एसोसिएशन (एलजेए) के अध्यक्ष व राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के कोषाध्यक्ष आलोक कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यदि जीवन में आगे बढ़ना है तो नकारात्मक सोच को त्यागकर सकारात्मक सोच अपनानी होगी। उन्होंने कहा कि नकारात्मक सोच रखने वाले लोगों से दूरी बनानी चाहिए क्योंकि संगत का हमारे जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ता है। इसलिए हमें हमेशा अच्छी सोच और अच्छे विचारों वाले लोगों का साथ देना चाहिए।
श्री त्रिपाठी होटल हेरिटेज इन ब्लू में आयोजित संगठन की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती से ही व्यक्ति मजबूत होता है, इसलिए संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में सभी को योगदान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया के सही और प्रभावी उपयोग से हम अपनी उपस्थिति और संदेश को मजबूती से प्रस्तुत कर सकते हैं।
एलजेए सहायता ग्रुप का गठन, सदस्यों का योगदान
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों की सहमति से ‘एलजेए सहायता ग्रुप’ का गठन किया गया। इस ग्रुप का संचालन प्रदेश संगठन मंत्री मो. फहीम को सौंपा गया, जिनका सहयोग डॉ. वंदना अवस्थी, विजय आनंद वर्मा और संजय पांडेय करेंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि सदस्य स्वेच्छा से प्रत्येक माह ₹100 सहयोग राशि देंगे और जरूरतमंद सदस्य की सहायता की जाएगी। आज इस सहायता ग्रुप में ₹3,250 का योगदान प्राप्त हुआ।
इस ग्रुप की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह तय किया गया कि हर माह के अंत में सहायता राशि और उसके उपयोग का पूरा विवरण एलजेए ग्रुप में साझा किया जाएगा। आलोक त्रिपाठी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद की सहायता करना एक पुण्य कार्य है।
एलजेए सदस्यता विस्तार और भावी योजनाएँ
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अप्रैल माह में लखनऊ में एक बड़ी बैठक और समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश और बाहरी जनपदों की एलजेए इकाइयों के सदस्य भी शामिल होंगे। आज के आयोजन में डॉ. अर्चना छाबड़ा, अधिवक्ता आशीष दुबे, छायाकार संदीप डे, पत्रकार रवि उपाध्याय और सफीक अहमद ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। सभी नए सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
एलजेए की लखनऊ इकाई के निवर्तमान अध्यक्ष दीपक गुप्ता को नए अध्यक्ष के चयन तक लखनऊ जिले का कार्यभार सौंपा गया। उपस्थित सदस्यों ने उनका स्वागत किया और उन्हें बधाई दी।
बैठक में महिला इकाई की अध्यक्ष डॉ. वंदना अवस्थी, महामंत्री विजय आनंद वर्मा, कोषाध्यक्ष संजय कुमार पांडेय, संगठन मंत्री मो. फहीम, आशीष दुबे, रामबाबू, अनिल चौधरी, शैफ खान शारिक समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में मीडिया प्रभारी त्रिनाथ शर्मा, जिसमें जितेंद्र निषाद, अमित श्रीवास्तव, प्रवीण सिंह, रंजीत सिंह, निहाल अहमद, अजय गुप्ता, जय प्रकाश सिंह, लक्ष्मीकांत तिवारी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।