लखनऊ। समाजवादी पार्टी में लगभग एक साल से मचे घमासान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव का दीपावली पर्व पर पैर छूकर आर्शीवाद मांगा। परिवार में चल रहे विवाद को खत्म होने का संकेत दिया। बृहस्पतिवार को मुलायम सिंह यादव का पूरा परिवार अपने पैतृक गांव इटावा के सैफई में मौजूद था। दीपावली और अन्य त्यौहार यह परिवार एक साथ सैफई में ही मनाता है। मुलायम सिंह यादव अपने भाईयों शिवपाल, अभयराम, रामपाल और सैफई के प्रधान दर्शन यादव के साथ बैठे थे।
अखिलेश ने शिवपाल समेत सभी के पैर छुये। शिवपाल और अखिलेश में इधर कुछ दिनों से सम्बंध खराब हो गये थे। अखिलेश ने सपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी उन्हें जगह नहीं दी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सार्वजनिक रुप से शिवपाल यादव का पैर छूने के बाद अब लग रहा है कि चाचा-भतीजा जल्द ही पहले की तरह एक हो सकते हैं। हालांकि, अटकलें पहले ही लगायी जा रही थी आैर यह बात हकीकत में उस समय सच साबित हो गई जब सैफई मे मुलायम सिंह यादव के आवास पर परिवार के सभी सदस्य एक जुट हुए।
दीपावली पर अखिलेश यादव ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव, चाचा शिवपाल सिंह यादव, प्रधान दर्शन सिंह यादव,चाचा अभयराम,चाचा राजपाल सिंह यादव के चरण छूकर आशीर्वाद लिया। प्रकाश पर्व दीपावली पर मुलायम परिवार में लम्बे समय से चली आ रही कलह अब खत्म नजर आ रही है। मुलायम सिंह ने अपने गाँव सैफई में दीवाली मनाया । मुलायम सिंह यादव के साथ अखिलेश, शिवपाल, तेजप्रपाप, धर्मेंद्र अभिषेक यादव ने एक साथ बैठकर नट समाज के कलाकरों की नौटंकी का आनंद लिया। सबसे खास बात यह है कि मुलायम परिवार के इस मिलन में सैफई गांव के प्रधान और मुलायम के सबसे करीबी दर्शन सिंह यादव भी शामिल हुए।