लखनऊ। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर में जल्द ही कै जुल्टी वार्ड का विस्तार किया जाएगा। मरीजों की दिक्कतों को देखने के लिए यह विस्तार किया जा रहा है। यहां विस्तार के लिए केजीएमयू प्रशासन से अनुमति मांगी गयी है। ट्रामा सेंटर की कैजुल्टी वार्ड में आने वाले मरीजों को सबसे पहले भर्ती किया जाता है। यहां पर मरीजों की भीड़ लगातार बनी रहती है आैर बिस्तरों की कमी भी बनी रहती है। यहां से मरीजों को जांच के बाद बीमारी तय हो जाने पर वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाता है।
बिस्तरों की कमी के कारण मरीजों को स्ट्रेचर पर भी बाहर रखा जाता है। बिस्तर खाली होने पर ही शिफ्ट किया जाता है। आये दिन गंभीर मरीजों को तत्काल इलाज दिये जाने में परेशानी हो जाती है। इस परेशानी को देखते हुए अब केजीएमयू प्रशासन ट्रामा सेंटर की कैजुल्टी वार्ड में बिस्तरों की संख्या को बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। बताते है कि कैजुल्टी वार्ड में बिस्तरों की कुल संख्या 24 है, इसको बढ़ाकर तीस से पैंतीस बिस्तर किये जाने का प्रस्ताव है। प्रस्ताव पास हो जाने के बाद कैजुल्टी वार्ड का विस्तार किया जाएगा। विस्तार होन के बाद कुछ बिस्तरों पर अत्याधुनिक जीवन रक्षक उपकरण भी लगा दिये जाएंगे।